- नगर कोतवाली में तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, विवेचना शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम धनपुरा स्थित मदरसे की जमीन को लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसके आधार पर संपत्ति पर कब्जा करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने पुरानी कचहरी मायापुर में जमीन के मालिक के फर्जी हस्ताक्षर कर 28 जुलाई 2023 को एक इकरारनामा तैयार कराया और उसे नोटरी भी करा लिया। दस्तावेज का इस्तेमाल न्यायालय में भी किया गया। नगर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुलशनव्वर अंसारी निवासी नसीरपुर कलां पथरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम धनपुरा में उनकी जमीन है, जिस पर मदरसा संचालित होता है। आरोप लगाया कि नाजिम, वाजिम और वसीम निवासी ग्राम धनपुरा ने मिलकर जमीन के संबंध में उनके फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित इकरारनामा तैयार कराया। इस दस्तावेज को 28 जुलाई 2023 को नोटरी भी कराया गया था। इसे पुरानी कचहरी मायापुर में तैयार कराया। उन्हें इस फर्जीवाड़े की जानकारी नहीं थी।
बाद में उनके चाचा के माध्यम से पता चला कि तीनों ने मदरसे की संपत्ति के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर न्यायालय में इस्तेमाल किए हैं। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर जब उन्होंने नाजिम से बात की तो उसने जमीन बेचने का दबाव बनाया। जमीन नहीं बेचने पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने की धमकी दी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में 22 नवंबर को पुलिस को तहरीर दी। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।