पुराने नोटों से घरेलू भवनों का हाउस टैक्स वसूल रहा नगर निगम बुधवार को व्यवसायिक भवनों का कर भी वसूलेगा। नगर निगम की टीमें शुरूआत में होटलों में पहुंच नई टैक्स नीति के तहत प्रपत्र भरवाएंगी और साथ के साथ टैक्स भी वसूलेगी। घरेलू भवनों से नगर निगम ने दो दिन में 12 लाख रुपये का टैक्स वसूला है। अब व्यवसायिक भवनों से निगम की झोली भरने की उम्मीद है।
बड़े नोट बंद होने के बाद लोग परेशान हैं कि जमा पूंजी को कैसे अडजेस्ट किया जाए। बैंकों में नोट बदलने और जमा करने के लिए लंबी लंबी लाइनें लग रही हैं। ऐसे में नगर निगम, बिजली, पानी जैसे विभाग पुराने नोट लेकर राजस्व वसूली में इस मौके का फायदा उठा रहे हैं। वहीं लोग भी बैंक की फजीहत और आर्थिक नुकसान से बचने के लिए बड़े उत्साह के साथ हाउस टैक्स, बिजली, पानी के बिल जमा करा रहे हैं। नगर निगम ने बीते दो दिनों में पहले दिन सात लाख और दूसरे दिन पांच लाख रुपये का टैक्स जमा कराया। वहीं अब नोट चलने की सीमा बढ़कर 24 नवंबर होने पर नगर निगम व्यवसायिक भवनों का रुख करने जा रहा है। नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि बुधवार से कर्मिशयल भवनों का टैक्स वसूला जाएगा।
अभियान की शुरूआत होटलों से की जाएगी। इसके लिए अलग से टीमें गठित कर दी गई हैं। जो होटलों में पहुंचकर नई टैक्स नीति के तहत प्रपत्र भरवाएंगी और टैक्स वसूलेंगी। नगर आयुक्त ने बताया कि नोटबंदी के बीच लोगों में टैक्स जमा करने को लेकर खासा उत्साह है। उन्होंने होटल सहित व्यवसायिक भवनों का पूरा टैक्स अदा करने की अपील भी शहरवासियों की है।