हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद चीनी मांझे की होम डिलीवरी कर रहे एक युवक को पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद होने पर पुलिस ने दस हजार का चालान किया।
विज्ञापन
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि रविवार को पीठ बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद हुआ। युवक की पहचान पीठ बाजार ज्वालापुर निवासी हिमांशु जायसवाल उर्फ भोला के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों को सीधे घरों तक मांझा पहुंचा रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी का 10 हजार रुपये का चालान किया। इसके साथ ही क्षेत्र में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर भी छापे मारे गए।