संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। नगर कोतवाली पुलिस ने खड़खड़ी क्षेत्र में एक युवक को 10.85 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। तभी मोतीचूर फाटक तिराहे से हिल बाईपास रोड होते हुए पहाड़ी मोड़ के पास पहुंचने पर यहां जंगलात बैरियर के नजदीक एक युवक पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई।
आरोपी की पहचान मंजीत निवासी कुमारपुर, थाना शाहवर, जिला कासगंज यूपी हाल कोरा देवी कॉलोनी, खड़खड़ी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रुड़की निवासी अंकुर से स्मैक लेकर आता था। अंकुर उसे चार-पांच महीने पहले पंतद्वीप पार्किंग में मिला था। इसके बाद वह हर 10-15 दिन में उसे स्मैक की खेप उपलब्ध कराता था। आरोपी स्मैक को नशे के आदी लोगों को फुटकर में बेचता था और बिक्री से मिलने वाली रकम में से अपना कमीशन काटकर बाकी पैसे अंकुर को दे देता था। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।