हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित ऋषिकुल विद्यापीठ के पास किराना की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचा एक युवक रिफाइंड की पेटियां लेकर फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऋषिकुल विद्यापीठ के पास राजीव त्यागी की किराना की दुकान है। वह मंगलवार दोपहर किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। दुकान की देखरेख कर्मचारी कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक दुकान पर पहुंचा और सामान्य ग्राहक की तरह दो पेटी रिफाइंड लेने की बात कही। युवक ने नौकर से बिल बनाने को कहा और भरोसा दिलाते हुए खुद ही दोनों पेटी उठाकर बाहर ले गया।
आरोप है कि युवक ने बड़ी सफाई से दोनों पेटी स्कूटी पर रखीं और इससे पहले कि कर्मचारी कुछ समझ पाता, स्कूटी स्टार्ट कर मौके से निकल गया। कुछ देर बाद जब दुकान मालिक को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में युवक की पूरी हरकत स्पष्ट रूप से कैद मिली। इसके बाद उन्होंने मायापुर चौकी में पहुंचकर शिकायत दी। शहर कोतवाल रितेश शाह का कहना है कि जांच की जा रही है।