हरिद्वार। एक तरफ जहां सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से धर्मनगरी में आने वाले यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि यात्री अच्छा संदेश लेकर जा सकें। लेकिन, एक महिला को लघुशंका के पैसे देने से इन्कार करने पर सुलभ शौचालय संचालक ने थप्पड़ मार दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
शहर में बनाए गए सुलभ शौचालय में लघुशंका के नाम पर अवैध वसूली का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अवैध वसूली के मामले आ चुके हैं। इनमें औचक निरीक्षण के लिए निकली तत्कालीन मेयर अनिता शर्मा से भी लघुशंका के पैसों की डिमांड कर डाली थी, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने पर लघुशंका के नाम पर यात्रियों से लूट करने की सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
सोमवार को भी गऊ घाट पर बने सुलभ शौचालय पर एक महिला यात्री लघुशंका करने के लिए गई थीं। सुलभ शौचालय का संचालन कर रहे व्यक्ति ने पैसे मांगे। सुलभ शौचालय में लघुशंका की व्यवस्था निशुल्क रहती है। केवल शौच करने के लिए पैसे निर्धारित हैं। महिला ने लघुशंका करने के लिए पैसे देने से इन्कार कर दिया। शौचालय संचालक ने बिना पैसे दिए बगैर लघुशंका करने से मना कर दिया। बहस होने पर सुलभ शौचालय के संचालक ने महिला यात्री को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। किसी तरह से दूसरे यात्रियों ने महिला को उससे छुड़ाया। किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।