हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला का पति से तलाक का केस चल रहा था। यहां वह एक व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात की है। चंदन जैसवाल निवासी बसंत निवास जापलीन गंज, जिला बलिया हाल वैष्णवी अपार्टमेंट निकट बंगाली मोड़ कनखल ने थाने पहुंचकर सूचना दी। बताया कि उनके साथ रह रही कुमकुम वर्मा (26) पत्नी संतोष वर्मा निवासी चमन सिंह बाग रोड बलिया यूपी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे में फंदे पर लटके शव को नीचे उतरवाया। एसएचओ ने बताया कि चंदन ने पूछताछ में बताया कि कुमकुम की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और वर्तमान में उसका अपने पति के साथ न्यायालय में तलाक का मामला विचाराधीन था। वह उसके साथ रह रही थी। प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद के चलते ही आत्महत्या करने की आशंका है, लेकिन पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।