हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में बेटे की मौत के बाद शोक में डूबे पिता को झांसा देकर 24 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप एक महिला, उसके पति और बेटे ने ठगी की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कागड़ी गांव निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र संदीप की 10 मार्च को एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद कविता नामक महिला, उसका पति अनिल और बेटा मोहित सहानुभूति जताने के बहाने उनके घर आने-जाने लगे।
आरोप है कि इन्होंने विश्वास में लेकर उनका मोबाइल ले लिया और उसी के जरिए बैंक खाते से 14 मार्च से 12 अप्रैल के बीच करीब 24 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। आरोप है कि उनकी गाड़ी से एटीएम कार्ड और पैन कार्ड भी चोरी कर लिए गए। मामले का खुलासा तब हुआ जब वह बैंक पैसे निकालने पहुंचे। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।