हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हंगामा हो गया। वीडियो में दो युवक अरबी वेशभूषा में घाटों पर घूमते नजर आ रहे हैं। इसके बाद तीर्थ पुरोहितों ने नाराजगी जताई है। मामले का पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दो युवक स्वयं को दुबई का निवासी बताते हुए हरकी पैड़ी क्षेत्र में घूमते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों ने इसे हरिद्वार की धार्मिक मर्यादा से जुड़ा बताते हुए आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इस तरह के वीडियो से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और इससे माहौल खराब हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों श्रीगंगा सभा की ओर से हरिद्वार के घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्था और मर्यादा को लेकर मंथन चल रहा है। श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि वीडियो की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है। माहौल बिगाड़ने के लिए इस तरह का काम किया जा रहा है। वहीं, सचिव उज्जवल पंडित ने कहा कि पूरे प्रकरण की सूचना चौकी पुलिस को दे दी गई है। शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। युवकों की पहचान की जा रही है।