हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर में नहाते समय एक किशोरी डूबकर लापता हो गई। पुलिस ने सर्च अभियान चलाते हुए कुछ ही देर बाद शव बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। 15 वर्षीय खुशबू पुत्री जितेंद्र निवासी कोटद्वार हाल सलेमपुर रानीपुर सिंबल चौक से आगे सुमननगर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बने घाट पर नहाने के लिए पहुंची थीं। गंगनहर में नहाते समय अचानक वह पानी के तेज बहाव में बह गई और लापता हो गई। सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाल कमल मोहन भंडारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जल पुलिस के गोताखोरों को बुलाकर सर्च अभियान चलाया गया। देर शाम किशोरी का शव पथरी पावर हाउस के पास से बरामद हो गया। कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।