- सीएचसी और पीएचसी पर भेजे गए 810 टीके
- कुत्ते के शिकार मरीजों को मिलेगी राहत की सांस
संवाद न्यूज एजेंसी
जिले के लिए पहुंची एंटी रेबीज के टीकों की खेप
हरिद्वार। सरकारी अस्पतालों में एंटी रेबीज की डोज की किल्लत दूर हो गई है। प्रदेशस्तर से जिले के लिए एंटी रेबीज की खेप पहुंच गई है। मंगलवार को 810 टीके सीएचसी और पीएचसी में भेजे गए। इससे मरीजों को राहत मिलगी।
सरकारी अस्पतालों में दो माह से एंटी रेबीज की डोज की किल्लत बनी हुई थी। इससे मरीजों को बाजार से 250 से 350 रुपये में लगवानी पड़ रही थी। हालांकि, जिला स्वास्थ्य विभाग और जिला, उप जिला, संयुक्त जिला चिकित्सालय अपने स्तर पर वैक्सीन खरीद मरीजों को लगा रहे थे। अधिकांश पीएचसी व सीएचसी पर टीके न लग पाने से ग्रामीण क्षेत्र के लोग शहर के अस्पतालों में जाने को मजबूर थे। शहर के अस्पतालों में भी टीके आधे दिन में ही समाप्त होने से मरीज परेशान थे। जिला मुख्यालय से एंटी रेबीज की डोज समस्त सीएचसी और पीएचसी में भेजे जाने पर मरीजों की परेशानी दूर होगी। सीएमओ डाॅ. आरके सिंह ने कहा कि अब सरकारी अस्पतालों में टीके की कोई समस्या नहीं रहेगी। मरीजों को एंटी रेबीज के टीके लगते रहेंगे।