हरिद्वार। ऊर्जा निगम के एक ठेकेदार ने मजदूरी के बकाया रुपये मांगने पर मारपीट कर दी। आरोप है कि दो मोटरसाइकिलें छीन ली गई। झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। नगर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ठेकेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, विशाल कुमार पुत्र बिजेंद्र कुमार निवासी ग्राम हाडोली थाना भोरा कलां बुढ़ाना मुजफ्फरनगर ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई सन्नी हरिओम कंस्ट्रक्शन में कार्य करता था। वह सक्षम चौधरी ठेकेदार के यहां बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगाने के कार्य में पेटी ठेकेदार के रूप में मजदूरों की देखरेख और सामान लाने-ले जाने का काम करता था। आरोप लगाया कि सक्षम चौधरी पर करीब ढाई लाख रुपये का भुगतान बकाया था।
आरोप है कि रुपये मांगने को लेकर सन्नी और सक्षम चौधरी के बीच विवाद हो गया। बीते एक अक्तूबर की रात ललतारो पुल के पास सक्षम चौधरी और उसके हेल्पर उमेश ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। इसके बाद उसकी बाइक छीन ली, जबकि दूसरी बाइक पहले से ही उनके कब्जे में थी। दोनों वाहन वापस न देने और कहीं भी गलत इस्तेमाल करने की धमकी दी। आरोप है कि सक्षम चौधरी खुद को यूपीसीएल का बड़ा ठेकेदार बताता है और पुलिस में ऊंची पहुंच होने का दावा करता है। अब फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। शहर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।