हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक टायर की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल हो गई और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
ज्वालापुर में सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग पर अंडरपास के समीप टायर की एक दुकान बंद कर दुकानदार घर लौट गए। बुधवार देर रात अचानक दुकान से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में रखे ट्यूबलेस टायरों के फटने की आवाज आने लगी। एक के बाद एक हुए धमाकों से अफरी-तफरी की स्थिति बन गई। दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना पर दमकल कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाना शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मगर जब तक आग बुझाई गई तब तक अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि आग को बुझा दिया गया। अग्निकांड में कोई हताहत नहीं हुआ है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। जांच की जा रही है।