बहादराबाद। थाना क्षेत्र के भौरी गांव में रंजिश के चलते दो पक्षों में मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने क्रॉस मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
एक पक्ष के रामपाल सिंह निवासी भौरी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 24 सितंबर को देर रात कुछ बच्चे ट्यूशन पढ़कर लौट रहे थे। इस बीच गांव में एक मोबाइल की दुकान पर काम करने वालों से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद बच्चे घर की ओर चल दिए। इसी बीच सुरेंद्र, शिवम, अंकित, सोनू कश्यप, लक्की व वंश, मोनू उर्फ काला, प्रिंस, मोनू, गीता पत्नी सुरेन्द्र, बेबी पत्नी सोनू, सविता पत्नी मोनू, संतरी आदि ने लाठी डंडे से हमला कर दिया।
मारपीट होते देख शिकायतकर्ता की पत्नी मीणा ने शोर मचाया और बच्चों को छुड़ाने का प्रयास किया। इस पर हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि मीणा देवी के कान के कुण्डल भी आरोपियों ने झपट लिए। इसी बीच वहां से गुजर रहे सन्नी ने भी बचाव का प्रयास किया तो हमलावारों ने कांच की बोतल और डंडों से उस पर भी हमला कर दिया। मारपीट में भानू उर्फ आर्यन, शिव और सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं l घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, दूसरी ओर सुरेंद्र निवासी भौरी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि रात करीब नौ बजे 6-7 लोग अचानक उनके घर में घुस आए। उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान सुरेंद्र, भूरा, मनोज, बेबे पत्नी सुनील और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष ने भी सोने का लॉकेट, चेन, कान के कुंडल और दुकान से करीब ढाई लाख रुपये लूटकर फरार होने का आरोप लगाया है। सुरेंद्र ने तहरीर में हमले के लिए सुभाष, आनंद, सन्नी, राजवीर और विनोद को नामजद किया है।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि दोनों पीड़ित पक्षों की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।