फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

11 घंटे में 100 एमएम बारिश रिकार्ड

Wed, 02 Jul 2014 05:31 AM IST
Haridwar
विज्ञापन
विज्ञापन
हरिद्वार। मानसून की पहली बारिश भी शहर के नाले नहीं झेल पाए। नालों की ढंग से सफाई न होने से कालोनियों से लेकर सड़कें तक पानी में डूबी रही। घरों में पानी घुसने से लोगों को पूरी रात पानी निकालने में काटनी पड़ी। सबसे खराब स्थिति कटहरा बाजार, विष्णुघाट और रामघाट में रहने वाले लोगों की रही। कटहरा बाजार में नाला चौक होने से बाजार में जलभराव का निरीक्षण करने स्वयं जिलाधिकारी को उतरना पड़ा। भीमगोड़ा में नाले की दीवार टूट गई। कई कालोनियों में जलभराव से गुस्साए लोगों को शांत करने डीएम, एमएनए और मेयर को पहुंचना पड़ा। 11 घंटे लगातार बारिश से शहर में 100 एमएम रिकार्ड की गई।
विज्ञापन

सोमवार रात दो बजे से तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश मंगलवार दोपहर एक बजे तक जारी रहने से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं जगह-जगह जलभराव से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ज्वालापुर के कटहरा बाजार में रात को भारी बारिश से नाला चौक होने से निकासी बंद हो गई। बाजार में पानी भरने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। रुके पानी में बदबू उठने से परेशानी और बढ़ गई। परेशान लोगों की सूचना पर सुबह साढ़े 11 बजे डीएम डीएस पांडियन अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एमएनए और मेयर भी पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने नगर निगम पर नालों की सफाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। नगर निगम के सफाई कर्मियों ने जेसीबी से चौक नाला खुलवाया। बाजार में भरे पानी को निकलने में एक घंटा लगा।
ज्वालापुर में गुरुद्वारा रोड पर दुकानों, पीठ बाजार, खोलीझाल, रामलीला, धीरवाली, गुघाल रोड, जटवाड़ा पुल, भूपतवाला, सप्तसरोवर रोड, घनश्याम नगर, भगीरथ नगर, दुर्गानगर, खड़खड़ी क्षेत्र, बसंत गली, कनखल के कुम्हारगढ़ा, बंगाली रोड, कनखल थाना चौक आदि क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। मध्य हरिद्वार में भगत सिंह चौक से हरकी पैड़ी क्षेत्र में (चंद्रचार्य चौक, रेलवे कालोनी, ब्रहमपुरी रोड मेला अस्पताल के पास भी बारिश रुकने होने के बाद निकासी हो पाई।
विज्ञापन

सब्जी मंडी में कीचड़ भरा
सब्जी मंडी में कीचड़ से सब्जी विक्रेताओं से खरीददार तक परेशान रहे। भीमगोड़ा विष्णु घाट, रामघाट पर सिल्ट आने से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एमएनए और मेयर ने निरीक्षण के बाद सफाई कर्मियों और व्यापारियों के सहयोग से सिल्ट हटाई।
निगम में जर्जर इमारत, खौफ में स्टाफ
हरिद्वार। नगर निगम के जीर्ण शीर्ण गृहकर भवन में जलभराव से खौफ खाए अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रवेश नहीं किया। निगम की पथ प्रकाश की इमारत के सामने बने मैदान में जलभराव से लोग परेशान रहे। कई लोग बिजली का बिल भी जमा नहीं कर पाए। एमएनए विप्रा त्रिवेदी का कहना कि पुरानी इमारत होने के चलते यह स्थिति बनी है। इमारत की दरारों में सीमेंट भरकर काम चलाया जा रहा है। नई इमारत बनने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
सिडकुल में बढ़ी मुसीबत
हिंदुस्तान लीवर के पास, राजाजी बिस्कुट, पेंटागन मॉल आदि के आसपास जलभराव से दोपहर तक सड़क बंद रही। कई फैक्ट्रियों के सामने इतना अधिक पानी जमा हो गया कि मजदूरों का आवागमन भी बाधित रहा।
भीमगोडा में नाले की दीवार गिरी
बारिश का पानी बहने और दीवार के पीछे पानी जमा होने से नाले की दीवार गिर गई। इससे नाला भी चौक हो गया। पार्षद लखन लाल चौहान ने एसडीएम से शिकायत की कि दीवार गिरने से सीसी रोड भी क्षतिग्रस्त होना शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि 2008 में आपदा प्रबंधन निधि से नाले का निर्माण हुआ था। इसके पुनर्निर्माण को करीब 21 लाख का बजट स्वीकृत होने को प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन पहल नहीं की गई। इससे आसपास के मकानों के ढहने का खतरा भी हो गया है।
किसानों को सिंचाई से मिली निजात
लंबे समय से गर्मी और सिंचाई से जूझ रहे किसानों को बारिश से राहत मिली। दूसरे अब अन्य फसलों की सिंचाई की बरसात से पूर्ति होने पर अब किसान धान की भी रोपाई कर सकेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें