झबरेड़ा/चुडियाला। भगवानपुर के खेलपुर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने ड्राइवर को शराब पिलाकर बंधक बनाया और उसकी जाइलो कार अपने कब्जे में कर ली। कार को लूटकर भागने के दौरान बदमाशों ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसा होते ही बदमाश घबरा गए और फकरेड़ी की ओर भागे लेकिन वहां कार एक गड्ढे में फंस गई। इसपर बदमाश कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
रविवार को तीन बदमाशों ने ज्वालापुर निवासी नदीम से जाइलो कार किराए पर ली थी। बदमाशों ने भगवानपुर क्षेत्र में गैस के चूल्हे बेचने के बहाने गाड़ी बुक कराई जैसे ही कार भगवानपुर क्षेत्र के खेलपुर गांव के निकट पहुंची तो तीनों ने ड्राइवर को शराब पिला दी। नशा होने पर बदमाशों ने चालक को बांधकर गाड़ी में पीछे डाल दिया और कार को कब्जे में ले लिया। इसके बाद तीनों चुड़ियाला गांव की तरफ निकल गए। चुड़ियाला गांव के पास पुलिस को देख बदमाश घबराए और इसी हड़बडाहट में उन्होंने एक आल्टो कार को साइड मार दी। हादसा होते ही बदमाश फकरेडी गांव की तरफ भागे लेकिन कार एक गड्ढे में जाकर फंस गई। इसके बाद तीनों आरोपी गाड़ी छोड़कर गन्ने के खेतों से होकर फरार हो गए। गाड़ी में पड़े चालक के शोर मचाने पर अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ड्राइवर की रस्सियां खोलीं। इसके बाद झबरेड़ा और भगवानपुर पुलिस ने जंगलों में कांबिग की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।