झबरेड़ा। किसान क्लब के अध्यक्ष चौधरी कटार सिंह ने कहा कि विद्युत बिलों की आरसी पर लगाया गया राजस्व चार्ज किसानों के साथ वादा खिलाफी है। उन्होंनें कहा कि सरचार्ज को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। वसूली करने को आने वाले अमीनों को गांव में बंधक बना लिया जाएगा।
साबतवाली गांव में आयोजित बैठक में किसान क्लब के अध्यक्ष चौधरी कटार सिंह ने कहा कि विद्युत विभाग किसानों के साथ वादा खिलाफी कर रहा है। मार्च माह में विद्युत बिलों के सरचार्ज की छूट आई थी, कुछ लोगों के बकाया विद्युत बिल विभाग ने वसूली के लिए राजस्व विभाग में आरसी काटकर भेज दिए थे। तब विद्युत विभाग के उपमहाप्रबंधक सईद अहमद ने किसान क्लब को बताया था कि जिन किसानों की आरसी कट गई है वह भी मूल बिल जमा करा दें। उनके ऊपर दस फीसदी राजस्व चार्ज नहीं लगेगा, परंतु अब संग्रह अमीन 10 प्रतिशत राजस्व वसूली कर रहे हैं, जिसको क्लब सहन नहीं करेगा, उन्हाेंने बताया कि अगर संग्रह अमीन ऐसे किसानों के पास दस प्रतिशत वसूली करने के लिए गए तो उन्हें बंधक बना लिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता विजयपाल और संचालन तेजपाल ने किया। इस मौके पर विश्वास, बिजेंद्र, शेर सिंह आदि मौजूद रहे।