लक्सर। संघीपुर निवासी दूध कारोबारी का हथियारबंद बदमाशों ने पथरी थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव के जंगल से अपहरण कर लिया। बदमाशों ने एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की लेकिन परिजनाें की ओर से 40 हजार रुपये देने और मिन्नतें करने के बाद ही दूध कारोबारी को छोड़ा गया। वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना नहीं मिल पाईं है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के संघीपुर गांव निवासी अफजल दूध का कारोबार करता है। बृहस्पतिवार की शाम को वह पथरी थानाक्षेत्र के बूढाहेड़ी गांव में दूध बेचने के लिए गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे अफजल गांव लौट रहा था तभी पथरी थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव के जंगल में तमंचों और बंदूक से लैस बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने 1500 रुपये लूटने के साथ ही उसे बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने कारोबारी के मोबाइल से उसके भाई इरफान को अपहरण की सूचना दी जिससे परिजनों के होश उड़ गए। बताया गया है कि बदमाशों ने एक लाख रुपये की मांग की और पुलिस को सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे डाली। आनन-फानन में परिजनों ने 40,000 की नकदी इक्ट्ठा की और बताए गए स्थान पर पहुंचा दिए लेकिन बदमाश एक लाख रुपये से कम पर मानने को तैयार नहीं हुए। काफी जद्दोजहद और मिन्न्तों के बाद बदमाशों ने दूध कारोबारी को रिहा कर दिया। वहीं संघीपुर गांव के प्रधान फय्याज ने भी मामले की पुष्टि की है। लक्सर कोतवाली के एसएसआई आर के जुयाल का कहना हे कि दुध कारोबारी के अपहरण के संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। पथरी थानाध्यक्ष रितुराज का भी यही कहना था कि पुलिस को कोई सूचना नहीं मिली है।