हरिद्वार। सघन रिहायशी इलाके टिबड़ी में चोरों ने सुनार की दुकान में सेंध लगाकर लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान में पीछे की दीवार से सेंध लगाकर घुसे। दुकान मालिक के अनुसार करीब 30 लाख रुपये के जवेरात चोर ले गए। रानीपुर पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से कुछ सुराग हाथ लगे हैं। सदर क्षेत्र में चोरी की यह चौथी वारदात है।
भेल से सटी सघन रिहायशी कालोनी टिबड़ी में राम प्रसाद वर्मा पुत्र ठाकुर प्रसाद वर्मा निवासी संजे नगर टिबड़ी की आरके ज्वैलर्स नाम से दुकान है। चोरों ने मकान मालिक की घर की छत से दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगा दी। चूंकि, दीवार मिट्टी की थी, लिहाजा चोरों को सेंध लगाने में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई। मंगलवार सुबह दुकान के मालिक बिजेंद्र ने सुनार राम प्रसाद वर्मा को चोरी की सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सुनार ने बताया कि दुकान से सोने-चांदी के जेवरात और सिक्के चोरी हुए हैं। इनकी कीमत करीब बीस लाख रुपये है। वहीं पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी में दो चोरों के होने सबूत हाथ लगे हैं। हालांकि, अंधेरा होने के कारण सीसीटीवी में चेहरे साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं। लेकिन, आसपास से की गई पूछताछ में पुलिस को कुछ पुख्ता सबूत हाथ लगे हैं।
सीओ सदर शाहजहां जावेद खान ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। सदर क्षेत्र में लगातार चोरी की यह चौथी वारदात है। इससे पहले ज्वालापुर क्षेत्र में तीन चोरियां हो चुकी हैं। इन चोरियों में भी पुलिस को हाथ अभी कुछ नहीं लगा है।