हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश प्रभारी शिवम त्रिकालदर्शी ने पुलवामा घटना की निंदा करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने एवं पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
रविवार को रानीपुर मोड़ पर आवास विकास कालोनी स्थित कार्यालय पर पत्रकार वार्ता करते हुए शिवम त्रिकालदर्शी ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी की सरकार आई है तभी से देश में आतंकवाद को बढ़ावा मिला है। दावे के मुताबिक एक बार भी एक सैनिक के बदले में दस सिर काटने का वादा जुमला साबित हुआ है। जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने कहा कि शहीदों के परिवारों के साथ उनकी सहानुभूति है, लेकिन देश के जवानों की शहादत का बदला केंद्र सरकार को तीन दिन बाद भी न लेना भारी पड़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जितने भी जवान शहीद हुए है किसान परिवारों के हैं, लेकिन केंद्र सरकार किसानों की उपेक्षा कर रही है। किसानों की फसलों के उचित मूल्य तय न होने के साथ गन्ना भुगतान तक नहीं हो रहा है। आज किसानों की स्थिति बदहाल है। इस दौरान महंत भोलापुरी महाराज को जिला संरक्षक नियुक्त किया। इस मौके पर जूना अखाड़ा की श्रीमहंत मिथलेश पुरी, ओमप्रकाश, पुष्पेंद्र कश्यप, मौ अरशद, राहुल सक्सेना, विनित, सीताराम आदि शामिल हुए।