अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हालिया दिनों में भेल प्रशासन की ओर से अपनी जमीन से कब्जे हटाने से छतविहीन हुए एक व्यक्ति की मौत पर कांग्रेस नेताओं ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने परिजनों को छत मुहैया कराने पर ही शव का अंतिम संस्कार कराने को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एक व्यक्ति को हार्टअटैक होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बृहस्पतिवार शाम को भेल में लेबर कालोनी में अवैध कब्जा हटाने के बाद खुले आसमान के नीचे रहने पर ठंड से ऋषिपाल की मौत हो गई थी। इससे वहां लोगों में रोष फैल गया। मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता राम विशाल देव, रवि बहादुर, अरशद ख्वाजा, धर्मपाल ठेकेदार आदि ने परिजनों को मकान मुहैया कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए शव का अंतिम संस्कार नहीं होने दिया। रानीपुर कोतवाली पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो लोग जिला प्रशासन को बुलाने पर अड़े रहे। शव को इस तरह से रखे जाने पर सीओ सदर रचिता जुयाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ सीओ की नोकझोंक भी हुई। लेबर कालोनी में 2003 से पहले निवास करने वाले लोगों को मकान दिलाने के आश्वासन पर शव का अंतिम संस्कार कराया गया। सीओ ने कहा कि ऐसे लोग अपने प्रमाण जिलाधिकारी कार्यालय में जमा करा दें। वहीं दूसरी ओर सर्दी पड़ने से एक अन्य व्यक्ति रमेश (45) को हार्टअटैक पड़ गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
----------------
किसी ने मदद नहीं की
लेबर कालोनी में बिना छत के रह रहे बच्चे, बुजुर्ग महिलाओं की मदद करने कोई भी सामाजिक संस्था या व्यक्ति नहीं पहुंच सका। वह लोग सामूहिक भोजन बनाकर जैसे तैसे कर भूख मिटा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता डा. विशाल गर्ग ने बताया कि शनिवार को वह चावल, दाल एवं अन्य जरूरतमंद सामान पहुंचाएंगे।
---------------
जोगेंद्र मावी