अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्रों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण में जाने वाले क्रिकेटर नवजोत सिद्धू का पुतला फूंका। छात्रों ने सिद्धू को पंजाब सरकार से मंत्री पद से बर्खास्त करने की भी मांग उठाई।
सोमवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष विक्रम भुल्लर के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू का पुतला दहन किया। विक्रम भुल्लर ने कहा कि जिस दिन पूरा देश अटल जी के निधन से शोक संतृप्त था उसी दिन नवजोत सिंह सिद्धू पाकिस्तान में गले मिल रहा था। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को सिद्धू को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त कर देना चाहिए। छात्रसंघ के उपाध्यक्ष गोविंद पंवार ने कहा कि देश के खिलाफ जब भी कोई व्यक्ति या देश खड़ा होगा तो विश्वविद्यालय की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए उसके खिलाफ बिगुल बजा देंगे। छात्र नेता अजय चौहान ने कहा कि देश हित से बड़ी कोई पार्टी नहीं है। शुभम खटाना ने कहा कि सिद्धू जैसे व्यक्ति को देश की जनता जवाब देगी। पुतला फूंकने वालों में गौरव पंत, राहुल पाल, शाहरुख सलमानी, वैभव चौहान, शाहिल चौधरी, मनीष चौहान, मोहित देशवाल, शिवम, आदित्य, मुकुल, योगेश, रोहित वर्मा, विवेक चौहान, विपुल, सावेज, अजय सैनी, अंशुल त्यागी, आयुष पंत, अनिल, हर्षित, मनदीप, मिहुल शर्मा, भूपेंद्र, पारस, हेमंत राय, रचित सोनी, ऋषभ खन्ना, रोहित गिरि, अखिलेश, शोपिल आदि शामिल हुए।