हरिद्वार।
कनखल स्थित देशरक्षक औषधालय के समीप कार्तिकेय कुंज कालोनी के लोगों ने कार पार्किंग की जगह पर फ्लैट बनाए जाने का जमकर विरोध करते हुए हंगामा काटा। मामला बढ़ने पर कनखल थानाध्यक्ष अनुज सिंह मौके पर पहुंचे और लोगोें को समझाने की कोशिश की। बिल्डर खाली पड़ी भूमि में फ्लैट बनाने की बात पर अड़ा रहा।
कार्तिकेय कुंज में सैकड़ों परिवार फ्लैटों में रहते हैं। बिल्डर पार्किंग के स्थान पर फ्लैट बनाने की तैयारी कर रहा था। लोगों को जब इस बात का पता चला तो वह भड़क गए। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला बढ़ने पर कनखल थानाध्यक्ष ने लोगों को समझाने की कोशिश की। कालोनी के लोग पार्किंग स्थल पर फ्लैट का निर्माण नहीं करने पर अड़े रहे जबकि बिल्डर निर्माण पर अड़ा रहा। लोगों का कहना था कि जब फ्लैट बनाए गए थे उसी समय नक्शे में यह जगह पार्किंग स्थल बताई गई। अर्चना शुक्ला, गुलशन कुमार, मनोज, आदित्य वशिष्ठ, बलविन्द्र सिंह, बलराम सेठी आदि का कहना है कि किसी भी सूरत में पार्किंग स्थल पर फ्लैट का निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। बिल्डर अरविंद चौहान का कहना है कि यह स्थान पार्किंग का नहीं हैं। फ्लैटों के अन्य भागों में वाहन खड़े करने का स्थल पहले ही दे दिया गया हैं लेकिन कुछ कॉलोनीवासी हठधर्मिता अपनाते हुए विवाद को उत्पन्न कर रहे है जो कि न्यायसंगत नहीं है। इस स्थान पर फ्लैट ही बनाए जाएंगे।