अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
वंशी वाले बाबा अन्नपूर्णा आश्रम समिति की ओर से आयोजित श्री बिष्णु महापुराण के तीसरे दिन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक भी महायज्ञ में शामिल हुए। सीएम रावत व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बाबा वंशी वाले महाराज से आशीर्वाद लेने के साथ ही देश दुनिया में शांति स्थापित व लोक कल्याण की कामना की।
विष्णु महापुराण का रसपान कराते हुए बाबा वंशी वाले महाराज ने कहा कि धरती, वायु , आकाश और पानी तथा समस्त इंद्रियां और अंत:करण जितना भी संसार है सब भगवान विष्णु का ही स्वरूप है। कहा कि श्री हरि विष्णु संसार रूप तथा सब भूतों के अंतरात्मा से बने है। कहा कि एकमात्र भगवान श्री हरि विष्णु ही सृष्टि की रचना कर उसका पालन करते हैं और आवश्यकतानुसार इसका संहार भी करते हैं। समय-समय पर स्थिति के अनुकूल कभी ब्रह्मा, कभी श्री हरि विष्णु तो कभी श्री त्रिलोकीनाथ महेश्वर का स्वरूप धारण करते हैं। इसलिए जो व्यक्ति श्रद्धापूर्वक विष्णु महापुराण का श्रवण करता है उसका जीवन भव सागर से पार हो जाता है।
कथा व्यास आचार्य सुभाष शर्मा ने कहा कि पृथ्वी की रचना में ईश्वर सिर्फ निमित्त मात्र है। वस्तुओं के सृजन से निमित्त मात्र की आवश्यकता होती है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने अंत:करण की भावना को जागृत कर प्रेमपूर्वक राष्ट्रनिर्माण में सहयोग देना चाहिए। पतित पावनी मां गंगा के तट पर कथा श्रवण करने वाले श्रद्धालु भक्तों का जीवन सदा उन्नति की ओर अग्रसर रहता है। इस अवसर पर कथा के मुख्य यजमान शकुंतला गोयल, निधि गोयल, सतीश गोयल, मदन मोहन शर्मा, भावना गोयल, भूषण गोयल, सलोनी गोयल, समर्थ गोयल, राघव गोयल, श्लोक गोयल आदि ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर नरेश शर्मा, विकास तिवारी, विदित शर्मा, उमेश भारद्वाज, प्रदीप त्यागी, सियाराम अग्रवाल, सोमप्रकाश गर्ग, शुभम सैनी, भूषणलाल सिंघल, अजय जिंदल, विवेक सिंघल, राजेश गोयल, देवराज ज्रिदल, सुर्रेद्र विज, दिनेश गोयल, दिनेश कुमार, सतीश गोयल, सत्यनारायण गर्ग आदि उपस्थित थे।