ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने शनिवार को अधीन्सथ अधिकारियों के साथ बैठक में स्वास्थ्य विभाग और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दो घंटे समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पेच भी कसे।
उन्होंने वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल को नगर निगम के 60 वार्डों को पांच सेक्टरों में बांटने का निर्देश दिया है। कहा कि प्रत्येक सेक्टर में सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार उसका सफाई निरीक्षक होगा। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी के साथ नगर निगम की दो डिस्पेंसरियों के फार्मासिस्ट भी अब सफाई व्यवस्था का सुपरविजन करेंगे। वर्तमान में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को ही 60 वार्डों में नियुक्त किया जाए और सफाई का रोस्टर तैयार किया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि अधिकतर एक वार्ड के ही दो वार्ड बने हैं, फिर सफाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को सफाई कराने की योजना बनाने का निर्देश दिया है। नगर आयुक्त ने बताया कि सफाई कर्मचारियों का समय पर आना-जाना सुनिश्चित किया जाएगा। बायोमीट्रिक हाजिरी लगाने के नई पंचिंग मशीन मंगाई जा रही है, जिसमें अंगूठे के निशान के साथ सफाई कर्मचारियों का चेहरा भी दिखाई देगा।
समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त नुपूर वर्मा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल, सहायक नगर अधिकारी संजय कुमार व महेंद्र यादव, सफाई निरीक्षक विकास छाछर, अमित सिंह नेगी, अर्जुन सिंह, सुमित कुमार आदि रहेे।
खुद साइकिल से निरीक्षण करेंगे
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि वह स्वयं साइकिल से सफाई व्यवस्था और सफाईकर्मियों उपस्थिति देखेंगे। जिस सेक्टर में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिली अथवा सफाई कर्मचारी नदारद मिला तो सफाई निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को अपने सेक्टर के सफाई हवलदारों को भी चेताने का निर्देश दिया है।