हरिद्वार। सभी विभाग 28 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों में जुट गए हैं। अपनी निर्धारित अवधि में होने वाले मेले की व्यवस्थाओं को इमरजेंसी का कुतर्क देकर मनमाने तरीके से टेंडर किए जा रह हैं।
ऊर्जा निगम के अधिकारी डामकोठी मायापुर से मुहम्मदपुर झाल नारसन तक 55 किलोमीटर गंगनहर की कांवड़ पटरी पर पथ प्रकाश की व्यवस्था का 45 लाख रुपये का ठेका एकल टेंडर पर ही देने की तैयारी कर ली है। कांवड़ पटरी पर स्ट्रीट लाइट का ठेका पिछले वर्ष भी कुछ दिन तक सुर्खियों में रहा था और ऊर्जा भवन देहरादून तक मामला पहुंचा था। इस बार भी उसी ठेकेदार को एकल टेंडर पर ही ठेका देने की तैयारी है। इसी प्रकार सिंचाई खंड हरिद्वार का नीलधारा चंडीघाट का वाहन पार्किंग का ठेका इस बार भी नहीं हुआ। बोली में एकदलीय ठेकेदारों का ही ग्रुप बैठ रहा और उसने 5 लाख 12 हजार की सरकारी बोली के सापेक्ष दो लाख की बोली लगाई, जिस कारण ठेका नहीं हो पाएगा। जबकि लालजीवाला पार्किंग का ठेका भाजपा के एक नेता ने एक लाख 21500 रुपये में पूल कराया है। हालांकि सिंचाई खंड उप राजस्व अधिकारी एनएस कुंडरा का दावा है कि पिछले वर्ष लालजीवाला का ठेका एक लाख 16 हजार में गया था, जबकि इस बार 5500 रुपये अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। नगर निगम का कांवड़ बाजार, दुपहिया वाहन पार्किंग और अस्थायी शौचालयों का ठेका 17 जुलाई तक होने जा रहे हैं। कौन सा ठेका किसका होगा यह तय हो चुका है। कांवड़ बाजार का ठेका उसी ठेका उसी ठेकेदार के ग्रुप को दिया जा रहा है जो पिछले कई सालों ठेका लेता आ रहा है।
----------------
कांवड़ पटरी पर पथ प्रकाश की व्यवस्था का लगभग 45 लाख रुपये का ठेका है, जो अभी फाइनल नहीं हुआ है। चीफ साहब की कमेटी को फाइनल करना है। अभी टेक्निकल बिड खुली है और पार्ट टू अभी होना है। कोटेशन पुराने रेट से बहुत अधिक तो नहीं हैं इसकी पड़ताल की जाएगी। कांवड़ मेला की व्यवस्था इमरजेंसी वाला काम है इसलिए एकल टेंडर पर भी ठेका दिया जा सकता है, लेकिन इसका निर्णय हाई पावर कमेटी ही करेगी।
- रवि कुमार रजोरा अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम हरिद्वार।