हरिद्वार। अब तक छप्पन सुनते ही आपके दिमाग में पुलिस की दमदार तस्वीर तैयार हो जाती है, लेकिन हरिद्वार के ज्वैलर्स शोरूम में हुए दो करोड़ रुपये के डाके के खुलासे की राह ताक रहे लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है। क्योंकि हरिद्वार पुलिस की छप्पन सिंघमों की टीम डकैती डालने वाले दो बदमाशों और एक शरणदाता को लेकर ज्वालापुर पहुंची। पुलिस हाथ में मात्र दो लाख 16 हजार की नकदी और कुछ चांदी की मूर्तियां लेकर पहुंची तो उसका गुडवर्क बैडवर्क में बदल गया। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के शंकर आश्रम के पास स्थित मोरातारा ज्वैलर्स शोरूम में डाली गई डकैती के खुलासे के लिए हरिद्वार एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस ने पुलिस टीम के साथ ही सीआईयू हरिद्वार और रुड़की की टीम को लगाया था। इसके साथ ही एसटीएफ उत्तराखंड की टीम ने भी मोर्चा संभाला था। वहीं रेंज की टीम भी बनाई गई थी। इन टीमों ने 56 पुलिसकर्मी थे। 56 का आंकड़ा हमेशा ही पुलिस के लिए बेहतर साबित हुआ है, लेकिन दो करोड़ की डकैती के खुलासे के लिए लगाई गई 56 पुलिसकर्मियों की फौज कुछ खास नहीं कर पाई। रविवार को शाम छह बजे पुलिस बदमाशों को लेकर ज्वालापुर कोतवाली पहुंची। वहीं दरोगा दीपक चौधरी के हाथों में बदमाशों से बरामद माल कोतवाली परिसर में पहुंचा तो पुलिस हंसी की पात्र बनकर रह गई। अंदाजा लगाया जा रहा था कि पुलिस ने आधा माल बरामद किया होगा, लेकिन बदमाशों से मात्र दो लाख 16 हजार रुपये की नकदी और 11 चांदी की छोटी-बड़ी मूर्तियां मिलीं। बरामद हुई नकदी और माल की कीमत मात्र साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। डकैती के बाद से ही सवाल उठ रहे थे कि पुलिस घटना के खुलासे में माल की ज्यादा रिकवरी बदमाशों से नहीं कर पाएगी और आखिर में हुआ भी यही। अब सवाल उठ रहा है कि फरार बदमाशों को पुलिस कब तक गिरफ्तार कर पाएगी और उनसे कितना माल बरामद होगा।
--------
कम रिकवरी से अफसरों में नाराजगी
दो करोड़ रुपये की डकैती के खुलासे में मात्र साढ़े तीन लाख रुपये की रिकवरी होने से देहरादून मुख्यालय के अफसर स्थानीय अधिकारियों और इंस्पेक्टरों से नाराज हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मुख्यालय से अफसर लगातार संपर्क में बने हुए थे, लेकिन जब रिकवरी के बारे में पता चला तो उन्होंने कई अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की।
-------
फिल्मी सीन की तरह हुआ खुलासा
दो करोड़ रुपये की डकैती का खुलासा बिल्कुल फिल्मी अंदाज में हुआ। जब पुलिस ने घटना के तीसरे दिन कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा तो व्यापारियों में भी खुशी की लहर दौड़ गई, लेकिनजब खुलासा हुआ तो ऊंट के मुंह में जीरे वाली बात निकली।
------
फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम रवाना
हरिद्वार। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम सीओ सिटी अभय कुमार के नेतृत्व में रवाना हुई है। एसएसपी का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा और उनके माल भी बरामद किया जाएगा।
----
घटना का खुलासा करने पर पुरस्कार
हरिद्वार। घटना का खुलासा करने पर डीजीपी अशोक कुमार ने 20 हजार रुपये, डीआईजी गढ़वाल नीरू गर्ग ने पांच हजार रुपये और एसएसपी हरिद्वार ने 2500 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।