हरकी पैड़ी पर ब्रह्मकुंड में मेवाड़ प्रताप दल राजस्थान के पदाधिकारियों ने सामूहिक लावारिस और निर्धन 157 मृत लोगों की अस्थियों का सामूहिक विसर्जन किया गया।
शनिवार को हरकी पैड़ी पर राजस्थान से लाई गई अस्थियों का विसर्जन किया गया। पूर्णिमा व श्री हनुमान जयंती के अवसर पर परम ज्योति गंगा सेवा ट्रस्ट के सचिव पंडित विपुल शर्मा, पंडित उमेश जोशी व उमेश भट्ट के नेतृत्व में पूर्ण विधि विधान से 157 लावारिस एवं निर्धन लोगों की आत्मा की शांति के लिए पूजा की एवं अस्थियों का विसर्जन कराया। मेवाड़ प्रताप दल के संरक्षक रमेश लालवानी और संस्थापक श्री लाला साल्वी, जिला अध्यक्ष ओंकार जोशी, बलवंत साल्वी, सिंधी पंचायत उदयपुर के अध्यक्ष मुरली राजानी, दिनेश मकवानी, जगदीश बजाज आदि ने विसर्जन का कार्य पूर्ण किया और मृत आत्माओं की शांति व मोक्ष के लिए सामूहिक प्रार्थना की। रमेश लालवानी ने बताया कि अब तक कुल 3210 मृत लावारिस और निर्धन लोगों की अस्थियों का विसर्जन किया जा चुका है। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलदेव भट्ट, हरीश मनोला, उमेश जोशी आदि शामिल थे।