हरिद्वार। परिसंपत्तियों के बंटवारे में बहादराबाद में नाला की पटरी उत्तराखंड के सिंचाई विभाग के हिस्से में बताई जा रही है। नाला की पटरी की खाली भूमि पर कई साल से उत्तर प्रदेश द्वारा टैंपो, विक्रम तथा मिनी वाहनों की पार्किंग की ठेका दिया जाता रहा है। लेकिन समझौते में यह भूमि उत्तराखंड के सिंचाई खंड हरिद्वार के हिस्से में आ चुकी है। इसके बावजूद यूपी की ओर से ही पार्किंग का ठेका दिया जा रहा है। इसे लेकर यूपी और उत्तराखंड के बीच विवाद है।
उत्तरी खंड गंगानहर के अधिकारियों द्वारा कई साल से वाहन पार्किंग के लिए एक ही ठेकेदार को देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि केवल कागजों में नाम बदल दिया जाता है। इस बार भी यही हुआ। पार्किंग की नीलामी की जो सूचना जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग उत्तराखंड के अधिकारियों को पत्र द्वारा भेजी गई है। उसमें कहा गया है कि उत्तरी खंड गंगानहर के नियंत्रणाधीन द्वितीय उपखंड हरिद्वार के अंतर्गत सुल्तानपुर माजरी बहादराबाद स्थित नाला की बायीं तरफ की पटरी के पास खाली भूमि पर पार्किंग ठेका के लिए किसी बोलीदाता द्वारा बोली नहीं लगाई गई। इसके बाद पवन कुमार ठाकुर द्वारा गत वर्ष की 60 हजार रुपये की नीलामी पर 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का पत्र दिया गया। यूपी के अधिकारियों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर 66 हजार रुपये में उत्तराखंड की भूमि पर वाहन पार्किंग का ठेका एक जुलाई 2018 से 30 जून 2019 दे दिया है। सिंचाई खंड हरिद्वार के उप राजस्व अधिकारी एनएस कुंडरा का दावा है कि यूपी ने जिस भूमि पर पार्किंग का ठेका दिया है, वह बंटवारे में उत्तराखंड को मिली हैै।
दोनों राज्य के मुख्य सचिवों के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे व हस्तांतरण पर सहमति को चुकी है। बहादराबाद में जिस भूमि पर पार्किंग का ठेका दिया गया है, वह उत्तराखंड की है और विभागीय स्तर से यूपी सिंचाई विभाग में आपत्ति दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा जाएगा।
- आरके त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता, सिंचाई कार्य मंडल हरिद्वार
बहादराबाद में दोनों नहरों के बीच की भूमि उत्तरी खंड गंगानहर सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश की है। इस भूमि पर कुछ चाय-पानी की दुकानें भी हैं और जो बची हुई भूमि है, उसे पूर्व की भांति टेंपो, विक्रम तथा मिनी वाहन पार्किंग के लिए ठेका दिया गया है। चूंकि कोई बोलीदाता नहीं आया था इसलिए नियमानुसार 10 प्रतिशत वृद्धि के पवन कुमार ठाकुर के ऑफर को स्वीकार किया गया है।
- विक्रांत कुमार सैनी, सहायक अभियंता, उत्तरी खंड गंगानहर हेड वर्क्स, हरिद्वार