40वीं वाहिनी पीएसी में आयोजित तीन दिवसीय 20वीं प्रादेशिक पुलिस तैराकी एवं क्रॉस-कंट्री प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार टीम ने संपूर्ण प्रतियोगिता के दौरान ऑल राउंड प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। आईआरबी द्वितीय की टीम चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान पर रही। बेहतर प्रदर्शन के लिए मनोज बहुखंडी को प्लेयर ऑफ द चैंपियनशिप चुना गया।
प्रतियोगिता में 50 मीटर फ्री स्टाइल तैराकी में मनोज बहुखंडी प्रथम, नवीन द्वितीय और लक्ष्मण कोरंगा तृतीय स्थान पर रहे। 50 मीटर बेस्ट स्ट्रोक में प्रथम नितेश नौटियाल, ओमप्रकाश द्वितीय, गौरव दुर्गापाल तृतीय और 100 मीटर फ्री स्टाइल रिले में प्रथम आईआरबी की टीम, द्वितीय स्थान 40वीं वाहिनी पीएसी टीम और तृतीय स्थान 31वीं वाहिनी पीएसी की टीम ने प्राप्त किया। क्रॉस-कंट्री चैंपियनशिप पुरुष वर्ग में 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की टीम प्रथम और 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
क्रॉस-कंट्री 10 किमी चैंपियनशिप महिला वर्ग में 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार की टीम प्रथम और जनपद टिहरी की टीम द्वितीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता से आगामी ऑल इंडिया पुलिस खेल प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड पुलिस टीम का चुनाव भी हुआ। अपर पुलिस महानिदेशक अमित सिन्हा ने कहा कि खेल से व्यक्ति का न सिर्फ शरीर स्वस्थ होता है, बल्कि उसके संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है।
उन्होंने प्रतियोगिता के ध्वज को आगामी प्रतियोगिता तक सुरक्षित रखने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष व सेनानायक ददनपाल को सुपुर्द किया। इस दौरान उपसेनानायक सुरजीत सिंह पंवार, उपप्रधानाचार्य एटीसी अरुणा भारती, उप सेनानायक बिजेंदर दत्त डोबाल, सहायक सेनानायक कमलेश पंत, हीरा लाल बिजल्वाण, शिविरपाल और राजपाल सिंह रावत आदि शामिल रहे।