अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं उत्तराखंड के सपा प्रभारी राजेंद्र चौधरी ने कहा कि देश में इस वक्त आपातकाल जैसे हालात हैं। मोदी सरकार केवल धोखे की सरकार है। आरएसएस- भाजपा देश को बांटने में जुटे हुए हैं। वैमनस्य, सांप्रदायिकता को बढ़ावा देना ही इनका मुख्य कार्य है। चौधरी ने दावा जताया कि अगले महीने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कुुमाऊं के दौरे पर आ रहे हैं।
देहरादून से लौटते हुए राजमार्ग पर एक होटल में पत्रकार वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने हर वर्ग को ठगा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में लोकतंत्र के लिए खतरा बन चुकी भाजपा को गद्दी से हटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2014 में किए वायदे को सरकार भूल गई है। किसान खुदकुशी करने को मजबूर है। सुप्रीम कोर्ट के सामने किसान को निवेश के अलावा डेढ़ गुना दाम देने से मोदी सरकार इनकार करती है। अब चुनावी साल में यही वायदा दोहरा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के त्रिवेंद्र सरकार खनन एवं शराब माफियाओं की गोद में बैठी हुई है। शिक्षिका उत्तरा पंत प्रकरण पर भी सीएम पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका रवैया तानाशाह की तरह रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में सपा प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। इससे पहले नगर निकाय चुनाव भी दमखम के साथ लड़ा जाएगा। इस अवसर पर मशकूर कुरैशी, डा. राजेंद्र पाराशर, आशीष यादव, लव दत्ता, कांजी चांद, सोनल प्रिंस, श्रवण शखधंर, मुरारी यादव, दीनानाथ यादव, नरेंद्र गुर्जर आदि ने राजेंद्र सिंह का स्वागत किया।