अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। जिले के आठ गांवों के लिए 13 करोड़ की लागत से पेयजल योजना को हरी झंडी मिलने के बाद निविदा आमंत्रित की गई है। इस योजना के बनने से सलेमपुर महदूद, औसपुर, जमालपुर खुर्द, हरजौली जट, धर्मपुर रोहालकी, महाराजपुर कलां, दाबकी कलां और शिवदासपुर तेल्लीवाला के लोगों को पेयजल किल्लत से छुटकारा मिल सकेगा।
अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही यहां काम शुरू कर आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। पेयजल ेनिगम के अधिशासी अभियंता मोहम्मद मिशम ने बताया कि जिले में क्रमवार अधिक से अधिक गांवों को पेयजल योजनाओं से जोड़ने की कवायद चल रही है। इस बार सरकार ने सलेमपुर समेत आठ गांवों को इस योजना के लिए चुना है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही पेयजल लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। सिडकुल से सटे सलेमपुर गांव में काफी समय से ग्रामीण प्रदूषित पेयजल की शिकायत कर रहे थे। नई पेयजल योजना बनने से लोगों की किल्लत दूर होगी। ग्रामीणों का आरोप है कि सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों से आने वाले रसायनयुक्त गंदगी से गांव का पानी प्रदूषित हो रहा है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राव आफाक अली ने बताया कि गांव में पेयजल लाइन की मांग काफी समय से की जा रही थी। कांग्रेस सरकार के समय में इस दिशा में काफी प्रयास किया गया। नई पेयजल योजना बनने से गांव में सहूलियत होगी। गांव के राम शमशाद, मोहम्मद खालिद, मनव्वर हसन आदि ने भी पेयजल योजना को गांव में लागू करने का स्वागत किया।