हरिद्वार।
चमार-वाल्मीकि महासंघ के कार्यकर्ताओं ने भीम आर्मी के युवा नेता सचिन वालिया के हत्यारों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर देवपुरा चौक से नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय तक रैली निकालक प्रदर्शन किया। इस बाबत महासंघ के राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भी प्रेषित किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चमार-वाल्मीकि महासंघ के संरक्षक मेहर सिंह और प्रभारी भानपाल सिंह ने कहा कि भीम आर्मी के चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण पर जबरन रासुका लगा दी जाती है, दलित युवा नेता सचिन वालिया की हत्या कर दी जाती है। इन घटनाओं से साफ होता है कि देश में दलित और पिछड़ों पर जाति-धर्म के आधार पर अत्याचार किया जा रहा है। जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दलित संगठन होकर ही अपने हितों की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ सकते हैं। इसलिए दलितों को एक मंच पर आकर अपनी शक्ति को दिखाना होगा। प्रदर्शन के दौरान चमार-वाल्मीकि महासंघ के कार्यकर्ताओं ने सचिन वालिया के हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ित परिवार के लिए 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महासंघ के अध्यक्ष भंवर सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष शिवकुमार, बलराम चंचल, वीरेंद्र श्रमिक, रफलपाल, धनेश छाछर, राजेंद्र, देवी प्रसाद, सुरेंद्र कुमार, रुपचंद्र आजाद, फूलसिंह, किशन चंद, रमन कुमार, वेद प्रकाश, सुधीर कुमार, अजय राही, धीर सिंह, लक्ष्मण, वीरेंद्र कुमार, आनंद कुमार, विकास वेनिवाल, आशीष, पदम कांगडा, राकेश कांगडा, राजपाल, मूल चंद चंचल आदि मौजूद थे।