सीजेएम कोर्ट ने सुनाया फैसला, एक वर्ष की सदाचरण परिवीक्षा पर छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोशनाबाद। रेलवे फाटक को वाहन से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) हरिद्वार ज्योति बाला की अदालत ने आरोपी को सौदा अभिवाक (प्ली बार्गेनिंग) के तहत दोषसिद्ध किया है। अदालत ने आरोपी को 25 हजार रुपये क्षतिपूर्ति जमा करने और एक वर्ष की सदाचरण परिवीक्षा पर रहने का आदेश दिया है।
मामला चार नवंबर 2025 का है। आरपीएफ हरिद्वार थाना क्षेत्र में इक्कड़ और ज्वालापुर के बीच स्थित रेलवे फाटक पर दोपहर 3:14 बजे आरोपी जयपाल सिंह निवासी ग्राम कोटा पाब, जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी थी। इससे रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया था।
मामले में रेलवे अधिनियम की धारा 160(2) और 154 के तहत परिवाद दर्ज किया गया था। सुनवाई के दौरान आरोपी ने सौदा अभिवाक के आधार पर मामले का निस्तारण करने के लिए प्रार्थना पत्र और शपथपत्र प्रस्तुत किया। अदालत ने आवेदन स्वेच्छा से दिया गया मानते हुए दोनों पक्षों को आपसी सहमति से निस्तारण का अवसर दिया। इसके बाद रेलवे को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 25 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।
आरोपी के अधिवक्ता ने बताया कि वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है और उसका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है। अदालत ने आरोपी को 20 हजार रुपये के सक्षम प्रतिभू सहित बंधपत्र प्रस्तुत करने पर एक वर्ष की सदाचरण परिवीक्षा पर छोड़ दिया। इस दौरान आरोपी को कोई अपराध नहीं करने, शांति बनाए रखने और मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की शर्त लगाई गई है। जिला परिवीक्षा अधिकारी को उसके आचरण की अर्द्धवार्षिक रिपोर्ट अदालत में देनी होगी।