ज्वालापुर चौहानान मोहल्ले में कोतवाली रोड पर ठप पड़ा निर्माण कार्य
सड़क से काफी ऊंची बनाई पुलिया, कई बाइक सवार हो चुके घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर के मोहल्ला चौहानान में कोतवाली रोड पर आधी-अधूरी पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क के बीचों-बीच पुरानी पुलिया तोड़कर नई बनाने का काम शुरू तो किया गया लेकिन दीपावली से करीब एक सप्ताह पहले आधी पुलिया बनाने के बाद काम बंद कर दिया गया। 20 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ।
पुलिया का काम पूरा करने के बाद बैरिकेडिंग लगाकर आधी पुलिया ऐसे ही अधूरी छोड़ दी गई। 20 से अधिक समय बीतने के बाद काम ठप पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि नवनिर्मित पुलिया सड़क के सामान्य स्तर से करीब दो फुट ऊंची बना दी गई है। पुलिया का आधा हिस्सा अधूरा होने के कारण सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं बची है। भीड़ के दौरान चौपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। कई बार वाहन पुलिया के किनारे से नीचे की ओर उतर जाते हैं। वहीं, कई बाइक सवार भी संतुलन बिगड़ने से चोटिल हो चुके हैं।
पिछले दिनों पुलिया की ओर तेजी से आए एक बाइक सवार ने एक युवक को टक्कर मार दी थी। उपचार के दो दिन बाद युवक की मौत हो गई थी। ऐसे में लोगों को आशंका है कि अधूरी पुलिया के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासी राव आहद, राहिल, अखिल कुमार, पंकज और दिव्यांश शर्मा का कहना है कि जब निर्माण कार्य शुरू किया गया था तो उसे पूरा करने की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए थी। आखिर सड़क के बीचों-बीच पुलिया बनाकर काम अधूरा क्यों छोड़ दिया गया। डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि संबंधित विभाग को इस संबंध में निर्देश दिए जाएंगे। समय से काम पूरा कराया जाएगा।