हरिद्वार। सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पुलवामा में शहीद हुए जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि देश को यह जख्म देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पाकिस्तान को आर्थिक रूप से कंगाल देश बताते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया का ध्यान अपनी कमजोरी से हटाने के लिए पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।
पुलवामा की घटना के विरोध में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने देवपुरा चौक पर धरना दिया और पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर सांसद निशंक ने कहा कि पुलवामा में आतंकियों के हमले में सैनिकों का शहीद होना बेहद दुखदायी है। गम और गुस्से की इस घड़ी में पूरा देश एकजुट होकर शहीदों के परिजनों के साथ खड़ा है। सैनिकों पर कायरतापूर्ण हमला करने वाले दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। आतंकवादियों को संरक्षण देने वाले पाकिस्तान को उसकी कायरना हरकत के लिए सबक जरूर सिखाया जाएगा।
20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल ने कहा कि आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए चुनौती है। केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ हमेशा सख्त रुख अपनाया है। अभी भी भाजपा सरकार आतंक से निपटने को प्रभावी रणनीति पर काम कर रही है। लक्सर के विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया जाना समय की मांग है। रानीपुर के विधायक आदेश चौहान ने कहा कि आतंकवाद का सिर कुचलना होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान, शिवालिकनगर नगर पालिका के अध्यक्ष राजीव शर्मा, झबरेड़ा के नगर पंचायत अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, अन्नू कक्कड़ु, दर्जाधारी विनोद आर्य, जिला महामंत्री अमन त्यागी, नरेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश जमदग्नि, सुशील चौहान, रोहित साहू, सुशांत पाल आदि ने धरना सभा को संबोधित किया। ने कहा कि पुलवामा में हुई आतंकी घटना से पाकिस्तान का आतंकी चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया है। इस मौके पर जिला महामंत्री विकास तिवारी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रीता चमोली, अरविंद गौतम, वीरेंद्र भारद्वाज, कामिनी सडाना, देवेंद्र मनवाल, वीरेंद्र तिवारी, अश्विनी पाल, आदेश सैनी, सुनील प्रजापति, विदित शर्मा, धर्मेंद्र बिश्नोई, तरुण नैयर आदि मौजूद रहे।