बहादराबाद।
दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर पतंजलि के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर पत्थर से टकराने के बाद बाइक कई फीट नीचे गिर गई। दुर्घटना में बाइक सवार राहुल लाल पुत्र मोहनलाल हाल निवासी पीएसी कैंपस रानीपुर की मौत हो गई जबकि उसका साथी आलोक चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। माना जा रहा है कि धूलभरी आंधी के दौरान युवकों ने अपनी बाइक गलती से सर्विस लेन की बजाय निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर चढ़ा दी होगी और हादसा हो गया।
मालूम हो कि पतंजलि के पास फ्लाईओवर पर एक साइड से ही यातायात चल रहा है। रुड़की के तरफ से आने वाली साइड पर अभी काम चल रहा है। बताया जाता है कि शाम को आंधी के दौरान रुड़की की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक हरिद्वार की तरफ आ रहे थे। पतंजलि योगपीठ के पास पहुंचते ही धूल भरी आंधी की वजह से युवकों ने मोटरसाइकिल फ्लाईओवर की तरफ चढ़ा ली। फ्लाईओवर पर कुछ दूरी पर भारी भरकम पत्थर रखे हैं और उन्हें यह दिखाई नहीं दिए। पत्थरों से टकराने के बाद दोनों युवक बाइक समेत फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर गिर गए। लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि एक युवक की दुर्घटनास्थल पर मौत हो गई जिसकी पहचान राहुल लाल निवासी पीएसी कैंपस रानीपुर में हुई है। उसके पिता मोहन लाल आईआरबी में कंपनी कमांडर हैं और वह मूलरूप से ऊखीमठ रुद्रप्रयाग के रहने वाले हैं। घायल युवक की पहचान आलोक चौहान पुत्र पूर्ण सिंह चौहान निवासी चौहानान मोहल्ला ज्वालापुर के रूप में की गई है।