हरिद्वार।
शहर में किताबों का ज्यादा मूल्य वसूलने की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह ने बुधवार की शाम दो किताबों की दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान किताबों की बिक्री को लेकर अनियमितता सामने सामने आने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने जीएसटी के अधिकारियों के पूरी जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी दीपक रावत को पिछले कुछ दिनों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ दुकानदार निर्धारित मूल्य से ज्यादा दामों पर किताबें बेच रहे हैं। इनमें एनसीईआरटी और अन्य पाठ्यक्रमों की किताबें भी शामिल है। बुधवार की शाम जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह ने देवपुरा चौक के पास एक दुकान पर छापा मारा। इस दौरान पाया गया कि बेची जाने वाली कापियों पर दाम अंकित नहीं था, साथ ही उनके द्वारा ग्राहकों को कोई बिल नहीं दिया जा रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने जब बिल मांगा तो उन्हें बिल नहीं दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रथम दृष्टया टैक्स चोरी होनी प्रतीत हो रही है। इसलिए जीएसटी के अधिकारियों को बुलाकर विस्तृत जांच कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद रेलवे फाटक ज्वालापुर के पास भी एक दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने किताबों और कापियों की खरीद फरोख्त करनी शुरू की। दुकानदार ने किताबें दें दी लेकिन बिल नहीं दिया। दुकानदार ने जवाब दिया कि बीस अप्रैल के बाद ही बिल मिल सकता है। यहां भी जीएसटी के अधिकारियों को विस्तृत जांच पड़ताल कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि उपभोक्ताओं का उत्पीड़न करने नहीं दिया जाएगा, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
------------------------
नौ पब्लिक स्कूलों केा भेजा नोटिस
हरिद्वार। रिएडमिशन से लेकर अन्य मद में मनमाना शुल्क वसूलने के आरोप में सिटी मजिस्ट्रेट ने शहर के नौ पब्लिक स्कूलों को नोटिस जारी किया है। सिटी मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शिवडेल स्कूल जगजीतपुर, उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र के स्कूल पार्थ सारथी प्रोगेसिव पब्लिक स्कूल, ऋषिबाल विद्यालय, ऋषि लॉटस एकेडमी, आदय शक्ति पब्लिक स्कूल, बीएम डीएवी पब्लिक स्कूल, ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल, प्रगति पब्लिक स्कूल, शंकरपुरी विद्या मंदिर, दून पब्लिक स्कूल को नोटिस भेजा गया है।