बहादराबाद। क्षेत्र पंचायत की बैठक मेें कुछ सदस्यों ने शिकायत की कि ग्राम सराय में पानी की टंकी का निर्माण होने, ट्यूबवेल लगने और पेयजल लाइन डालने के बाद भी पानी सप्लाई नहीं हो रही है। शिकायत पर जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधान के खिलाफ सरकारी धन का दुरुपयोग होने पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश बीडीओ को दिए। टंकी निर्माण कार्य पूर्व प्रधान के समय पूर्ण हो चुका था।
भक्तनपुर आबिदपुर के ग्राम प्रधान मोम्मद हारून को 10 आंगडबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई थी लेकिन मात्र पांच आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण करने की शिकायत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बीडीओ को स्थलीय निरीक्षण कर पांच आंगनबाड़ी केंद्रों की धनराशि ग्राम प्रधान से वापस लेने को कहा। धनराशि नहीं लौटाने पर प्रधान का खाता सीज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से कहा कि मानसून काल के चलते बाढ़ आदि आपदा को लेकर सतर्क रहे व क्षेत्र में बाढ़ आदि आपदा आने पर तुरंत ही जिला आपदा कंट्रोल रूम और तहसील कंट्रोल रूम को सूचना दें। जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी ग्राम प्रधानों को आपदा मित्रों की सूची व दूरभाष नंबर उपलब्ध करा दिए जाएं। जिलाधिकारी ने किसान पेंशन योजना व प्रधान मंत्री मातृत्व वंदना योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए भी प्रधानों को निर्देश दिए।