- पथरी थाना क्षेत्र के दिनारपुर का मामला, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। क्षेत्र में दिनारपुर फीडर की 11 केवी बिजली लाइन के 14 खंभों से करीब दो हजार मीटर तार चोरी होने का मामला सामने आया है। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ऊर्जा निगम के अवर अभियंता रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ अक्तूबर को भारी ओलावृष्टि और तूफान के कारण दिनारपुर फीडर की बिजली लाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। पेड़ गिरने से पोल और तार टूट गए थे। रात करीब 11 बजे क्षेत्र के लोगों ने बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना दी।
इसके बाद क्षेत्रवासियों के सहयोग से निरीक्षण किया गया तो सिंचाई नलकूप से वहीद के खेत तक और सड़क के पास तक 11 केवी लाइन के 14 खंभों से करीब दो हजार मीटर तार गायब मिला। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने तार चोरी कर लिया। इससे विभाग को करीब 35 हजार रुपये की क्षति हुई है। अवर अभियंता ने बताया कि नुकसान का विस्तृत आकलन कर प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।