अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
किटी पार्टियों में लगाए गए पैसे दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में पीड़ितों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर हंगामा काटा। सिटी मजिस्ट्रेट की गैर मौजूदगी में पीड़ित नारेबाजी करते हुए कार्यालय में घुस गए। जिस पर अधिकारियों को पुलिस बल बुलाना पड़ा। बाद में राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर वे लौट गए।
शुक्रवार को कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक राजेश रस्तोगी के नेतृत्व में किटी पीड़ितों का पैसा दिलाने की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर पीड़ितों ने प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के संरक्षण में किटी घोटाला हुआ है। किटी के पैसे का इस्तेमाल भाजपा की रैलियों में किया गया। किटी घोटाले से शहर के दस हजार परिवार प्रभावित हुए हैं। राजनीतिक हस्तक्षेप से प्रशासन व पुलिस विभाग मौन साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 10 दिन के अंदर सरकार किटी पीड़ितों को उनका पैसा वापस दिलाने के लिए कदम नहीं उठाती है तो बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को भी आमंत्रित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में सेवादल के महानगर मुख्य संगठक नितिन कौशिक, जिला मुख्य संगठक मंजू रानी, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामविशाल देव, अशोक शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, जेपी पांडे, नीलम शर्मा, किरण, संगीता गोयल, दीपा, कुसुम, अमरीन, पिंकी, रामू, सोनिया, सावित्री देवी, द्रोपदी, विमता सिंह, सीमा, गब्बर सिंह, विजेंद्र, लक्ष्मी शर्मा, सिमरन कौर, विकास गुप्ता, अमित राजपूत, पूजा, दीपा, काजल आदि शामिल रहे।