ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
भूपतवाला क्षेत्र की कई कालोनियों की हजारों की आबादी सोमवार और मंगलवार एक एक बूंद पानी के लिए तरसना पड़ गया। जल संस्थान के पांच नलकूपों के एक साथ बंद होने से यह समस्या खड़ी हुई है।
मंगलवार को 11 बजे के बाद ही स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है। क्षेत्रवासियों ने इस बात पर रोष व्यक्त किया कि सोमवार को सायं से ही जलापूर्ति बाधित हो गई थी। इसके बावजूद जल संस्थान ने लोगों को पानी बंद होने के कारण की न तो जानकारी दी और न टैंकर से जलापूर्ति की व्यवस्था की। क्षेत्रवासी राजीव गर्ग, दीप तिवारी, लक्ष्मीचंद चिलकोटि, ओम प्रकाश भट्ट, सुशील, श्यामकृष्ण पांडेय, सुनील तिवारी आदि ने बताया कि मंगलवार को पानी 11 बजे के बाद ही आया है। जल संस्थान के रिकार्ड के मुताबिक गंगा विहार कालोनी, जसविंद्र एन्क्लेव, भागीरथी नगर, गंगोत्री विहार, गायत्री विहार, श्यामलोक कालोनी, भारतमातापुरम आदि आवासीय कालोनियों में जलापूर्ति बाधित रही है। जल संस्थान के सहायक अभियंता राकेश बमराड़ा ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने से यह समस्या उत्पन्न हुई थी। तेज हवा में बिजली के तारों के टूट गए थे। ऊर्जा निगम कर्मचारियों के लाइनें जोड़ने के बाद पांच बंद नलकूपों से क्षेत्र की जलापूर्ति बहाल की गई।