फोटो समाचार
शराब के खिलाफ तनी मुठ्ठियां
पथरी और नया गांव में दुकानों के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
पथरी।
पथरी रेलवे स्टेशन के पास अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने से नाराज महिलाओं ने एक बार फिर मुठ्ठियां तान ली हैं। वहीं दूसरी ओर ज्वालापुर से सटे नया गांव के पास भी हाईवे के पास खोले गए शराब की दुकान के खिलाफ महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
रविवार को पथरी रेलवे सटेशन के पास शराब की दुकान खोलने का विरोध करते हुए महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए शराब की दुकान के सामने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि पिछले साल इसी स्थान पर महिलाओं के विरोध के बाद प्रशासन को शराब का ठेका हटाना पड़ा था। तब हरिद्वार ग्रामीण के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने महिलाओं के आंदोलन को समर्थन दिया था। महिलाओं का कहना है कि आबादी क्षेत्र में शराब का ठेका खोलने से उन्हें ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। सुबह-शाम फैक्ट्री से आने-जाने वाली महिलाओं को शराबी परेशान करते हैं। उन्होंने चेताया कि शराब का ठेका हटाने के बाद ही उनका आंदोलन खत्म होगा। प्रदर्शनकारियों में ओमकारी, निशा, माया, रामप्यारी, अनिता, बबली, सुमन, सत्यवती, गीता, अंगूरी, रेणु, सीता, विमला, रानी, मधु, पूजा और साक्षी आदि शामिल रहीं।
दूसरी ओर ज्वालापुर से सटे नया गांव में भी शराब का ठेका खोलने का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि शराब की दुकान आबादी के पास खोलने से युवाओं पर इसका बुरा असर पड़ेगा। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने यहां प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में बाला देवी, उजाला देवी, सरला देवी, रेखा, कविता देवी, रीता देवी, मंजीत सिंह, राकेश कुमार, मनोज कुमार, महिपाल सिंह काला सिंह आदि शामिल रहे। भाजपा नेता आशु चौधरी ने जिला प्रशासन से जनभावनाओं को देखते हुए शराब की दुकान अन्यत्र शिफ्ट कराने की अपील की है।