पथरी। बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। शनिवार दोपहर करीब दो बजे बिजली गायब हुई और देर शाम तक भी सप्लाई शुरू नहीं की जा सकी। बिजली कटौती के चलते खेतों में सिंचाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।
कई दिन से सुबह ही बिजली गुल हो जाती है। अघोषित बिजली कटौती में लोगों में रोष व्याप्त है। क्षेत्रीय लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है। नरेश, पवन, विजय, नेत्रपाल,लोकेश, दिलशाद आदि किसानों का कहना है कि चौबीस घंटे में 7-8 घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। बिजली कटौती से शाहपुर, बादशाहपुर, शेरपुर, भट्टीपुर, नसीरपुर कलां, धारीवाला, टिकौला, हरसीवाला, रानीमाजरा, भुवापुर चमरावल, नई कुंडी, शिवगढ़, फुलगढ़, गोविंदगढ़, दुर्गागढ़, आदर्श टिहरी नगर, टिहरी डोब नगर आदि स्थानों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने चेताया कि अगर बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ऊर्जा निगम के सहायक अभियंता मुकेश कुमार का कहना है कि बिजली कटौती कंट्रोल रूम से हो रही है।