धर्मनगरी में वर्तमान बस अड्डे को स्थानांतरित करने का विरोध बढ़ता जा रहा है। व्यापारिक संगठनों के बाद अब कांग्रेसी भी विरोध में उतर आए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस अड्डा स्थानांतरित करने के विरोध में प्रदर्शन किया।
इस मौके पर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष तरुण नैयर ने कहा कि हरिद्वार की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। देश विदेश से लाखों श्रद्धालु धर्मनगरी आते हैं। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलता है। ऐसे में यदि बस अड्डा स्थानांतरित किया गया तो हजारों व्यापारियों के साथ अन्याय होगा। जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बस अड्डे के स्थान पर शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने का षड्यंत्र चल रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक और मेयर मनोज गर्ग सोची समझी रणनीति के तहत बस अड्डे को सराय में शिफ्ट करने की योजना बना रहे हैं। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से मांग की कि बस अड्डे को ऋषिकुल मैदान व बैरागी कैंप स्थानांतरित किया जा सकता है। जिस स्थान पर बस अड्डे को ले जाने की बात की जा रही है वह स्थान हरिद्वार लोगों के लिए उपयुक्त नहीं है। प्रदीप आहूजा और जितेंद्र सिंह ने कहा कि यदि बस अड्डा शिफ्ट किया गया तो सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में राव फरमान, मनोज जाटव, बादल गोस्वामी, राजेंद्र जाटव, संदीप अग्रवाल, राजीव अरोड़ा, श्रेय तलवार, राजू राजपूत, देवेंद्र सिंह, राहुल चौधरी, जयंत कौशिक, गौरव, महेन्द्र सिंह, लोनी धीमान, अभिषेक विश्नोई, हरद्वारीलाल, राजकुमार पाल, नितिन उनियाल, अमित सक्सेना, रोशनलाल, खुर्शीद भाई, मनोज कुमार, सुनील सिंह आदि लोग शामिल रहे।