ब्यूरो/अमर उजाला, बहादराबाद
आरएसएस के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि लाहौर और ढाका के बिना हिंदुस्तान अधूरा है। वे योग दिवस के मौके पर आतंकवाद, कट्टरवाद एवं शोषण मुक्त भारत के निर्माण के लिए आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
शांतरशाह स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित आतंकनाशी मंच की गोष्ठी में इंद्रेश कुमार ने कहा कि मुस्लिम मोहल्लों को मिनी पाकिस्तान कहना गलत है। हिंदुस्तान में रहने वाले मुस्लिम हिंदुस्तानी हैं। यदि वह अपने आप को पाकिस्तानी कहता है तो वह अपने के साथ धोखा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का प्रत्येक आदमी हिंदुस्तानी है और हिंदुस्तानी रहेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गीता, कुरान, बाइबल, गुरुग्रंथ साहिब, बौद्ध ग्रंथ आदि किसी भी ग्रंथ में कट्टर शब्द का नही है। उन्होंने कहा कि गत फरवरी माह में सर्जिकल स्ट्राइक कर सैकड़ों आतंकियों को मार गिराया था। लेकिन हमारी सेना ने हमले के दौरान किसी सरकारी एवं सुरक्षा तंत्र पर वार नही किया था। वह एक मात्र पाकिस्तान को तमाचा था। इंद्रेश कुमार ने कहा कि आज के नेताओं ने सारी मर्यादा लांघ दी है। वह एक दूसरे पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान, संचालन सुनील सैनी ने किया। इस दौरान भाजपा विधायक आदेश चौहान, सुरेश राठौर, राज्य मंत्री विनोद आर्य, कल्पना सैनी, श्यामवीर सैनी, आदित्य राज सैनी, अजय प्रताप सैनी, देशपाल रोड आदि सैकड़ों लोग मौजूद थे।