ब्यूरो/अमर उजाला, पथरी। गांव टांडा भागमल में सोमवार को हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ गांव में बनने वाली करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता परक तरीके से सड़क बनवाने की बात कही। चेतावनी दी कि अगर कहीं काम में लापरवाही पाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
बरसात के दिनों में इस मार्ग से ग्रामीणों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। कई साल से सड़क का निर्माण कराने की मांग की जा रही थी। मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंचे विधायक ने ग्रामीणों को गुणवत्तापरक सड़क बनवाने का वादा किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार व सहायक अभियंता अरुण कुमार के सरवानी को सड़क निर्माण में मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता युक्त सामग्री लगाने के निर्देश दिए। विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि जल्द ही क्षेत्र में अन्य स्थानों पर मार्गों पर सड़कों का निर्माण शुरू कराया जायेगा। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि ग्राम स्वराज्य और राष्ट्र निर्माण के लिए विस्तृत यातायात मार्गों के निर्माण के लिए सरकार कृत.संकल्प है। इस मौके पर ग्राम प्रधान मोतीराम, डॉ देवेन्द्र चौहान, चरण सिंह, सेठपाल, डॉ सतीश, सतीश, सुंदर, ऋषिपाल, प्रमोद, रवि सरदार, मगन और अंकित चौहान शामिल रहे।