अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ने के बाद हरिद्वार पुलिस तथा आबकारी विभाग के बीच छिड़े विवाद में रानीपुर कोतवाली प्रभारी यशपाल बिष्ट पर गाज गिर गई है। डीआईजी अजय रौतेला ने यशपाल बिष्ट का स्थानांतरण देहरादून कर दिया है।
पिछले दिनों आबकारी विभाग ने सलेमपुर गांव के पास छापा मारकर नकली शराब बनाने की एक फैक्ट्री पकड़ी थी। इस दौरान फैक्ट्री संचालक राजा ने कुछ पुलिसकर्मियों को भी पैसा देने की बात कही थी। इस पर पुलिस और आबकारी विभाग के बीच मामला इतना बढ़ा कि पुलिस ने जिला आबकारी आधिकारी प्रशांत कुमार तथा एक मीडियाकर्मी के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया था। उन पर पुलिस की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया था। इस विवाद के चलते आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी प्रदेशव्यापी हड़ताल पर चले गए थे। बाद में शासन की ओर से जांच बैठा देने पर हड़ताल वापस ली गई थी। मीडियाकर्मियों ने भी डीजीपी अनिल रतूड़ी से मुलाकात कर अपने साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर आपत्ति जताई थी। बृहस्पतिवार देर शाम डीआईजी अजय रौतेला ने रानीपुर के कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट का स्थानांतरण देहरादून कर दिया। इस स्थानांतरण को आबकारी बनाम पुलिस विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि डीआईजी अजय रौतेला ने इसे सामान्य प्रक्रिया बताया।