ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव में किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी का शव घर के कमरे में लटका हुआ मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी किशोरी की बुधवार को रोजाना की तरह सोने के लिए अपने कमरे में चली गई थी। बृहस्पतिवार सुबह देर तक जब किशोरी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा खोला गया तो किशोरी का शव कमरे की छत से लटका हुआ मिला। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना की बात पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि किशोरी की हत्या कर शव छत से लटकाया गया है। वहीं, गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।