ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
बारद्वारी के दौरान साइड देने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष के चार लोगों ने रायसी के एक युवक को धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर शराबा सुनकर कई लोग दौड़े, जिन्हें देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रायसी गांव निवासी गौरव ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह विगत 22 फरवरी को कोतवाली क्षेत्र के नेतवाला सैदाबाद गांव में गया था। उस वक्त गांव में एक व्यक्ति के घर पर आई बरात की बारद्वारी चल रही थी। उसका कहना है कि सड़क पर नाच रहे युवकों को साइड देने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने साइड देने से इंकार कर दिया। उसका कहना है कि इसके बाद ग्रामीण के घर पर शादी में शामिल होने आए खेमपुर रुड़की निवासी सोनू पुत्र सत्यपाल ने अपने पक्ष के सोनू पुत्र रमेश, रोहित और विकास गौतम पुत्र कृपाल के साथ मिलकर धारदार हथियार से वार किया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच शोर शराबा सुनकर आसपास के कई ग्रामीण दौड़े। लोगों को आता देखकर आरोपी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सोनू पुत्र सत्यपाल निवासी खेमपुर रुड़की, सोनू पुत्र रमेश, रोहित व विकास गौतम पुत्र कृपाल सिंह निवासी नेतवाला सैदाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।